वृंदावन में उमा भारती का बड़ा ऐलान, सेकुलर हिन्दू नेता बेवजह बड़ा बयानबाजी न करें
वृंदावन। भाजपा की फायरब्रांड नेता उमा भारती इन दिनों मध्य प्रदेश की राजनीतिक उठापटक से दूर आध्यात्म की शरण में है। दस दिन के वृंदावन प्रवास के बाद भाजपा नेत्री मीडिया से मुखातिब हुई।इस मौके पर उन्होंने अपनी आगामी रणनीति को लेकर बड़ा खुलासा करते हुए कहा कि वह अगले दो साल सक्रिय राजनीति से दूर रहकर गंगा और यमुना की स्वच्छता के लिए कार्य करेगी। यहां बताते चलें कि साध्वी बीते दस दिनों से प्राचीन कात्यानी मंदिर में रहकर गुप्त नवरात्रि पर्व पर शतचंडी महायज्ञ अनुष्ठान में सहभागिता कर रही थी।
अनुष्ठान की पूर्णाहुति के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि अयोध्या में श्री राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान उन्होंने संकल्प लिया था कि पिछली सरकार में जो कार्य किसी कारणवश उनसे अधूरा रह गया था।अब वह उसे पूरा करेंगी। गंगा और यमुना शुद्धिकरण के लिए अगले दो साल वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कांग्रेसी नेता कमलनाथ के भाजपा में शामिल होने की अटकलों के सवाल पर उन्होंने कहा कि कमलनाथ उनके बड़े भाई है। उनसे राजनीतिक संबंध नहीं है। लेकिन अगर वह भाजपा में आते हैं। तो यह विपक्ष की समाप्ति के लक्षण है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीति में कोई भी नेता मोदी जी के कद का नही है। और कांग्रेस के जो नेता पार्टी छोड़ रहे हैं। उसमें कांग्रेस नेतृत्व की बहुत बड़ी कमी उजागर होती है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि वो अपने गिरेबान में झांकें। जो राम का विरोध करता है।उसके कुनबे में कोई नहीं रह जाता है।
प्रधानमंत्री मोदी ने जो कहा वो किया। उन्होंने पूरे विश्वास के साथ कहा कि भाजपा इस बार 400 के पार जा रही है। जबकि एन डी ए गठबंधन के साथ तो सरकार 450 के प्रचंड बहुमत से बनेगी। एक सवाल के ज़बाब में उन्होंने कहा कि अयोध्या की तरह ही मथुरा और काशी में भी भव्य मंदिर बनेगा और मुस्लिम पक्ष भी तथ्यों को समझते हुए पूरा सहयोग कर रहा है।अगर तथाकथित सेकुलर हिन्दू नेता अनर्गल बयानबाजी न करें तो सद्भाव पूर्ण ढंग से दोनो मंदिरों का निर्माण होगा।