साध्वी ऋतम्भरा की वर्षगांठ वृंदावन पहुंचकर हरियाणा के मुख्यमंत्री ने किया भव्य स्वागत
वृंदावन श्री राम जन्मभूमि आंदोलन में महती भूमिका का निर्वहन करने वाली दीदी मां साध्वी ऋतुम्भरा के जीवन के साठ वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित षष्ठी पूर्ति महोत्सव में रविवार को दूसरे दिन देश भर से आए संत महंतो के साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दीदी मां को अपनी शुभकामनाएं देकर सनातन संस्कृति के उनके योगदान पर चर्चा की।
वात्सल्य ग्राम परिवार द्वारा आयोजित त्रिदिवसीय महोत्सव के दूसरे दिन मंचीय कार्यक्रम का शुभारंभ परम शक्ति पीठ के अध्यक्ष युग पुरुष परमानंद महाराज और प्रमुख संतो द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इसके बाद उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने देवी स्वरूपा साठ कन्याओं का विधिवत पूजा अर्चन किया और उपहार भेंट किए। इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि आने वाली 22 जनवरी को पूरा देश एक नई सुबह देखने जा रहा है। जब हमारे प्राणाधार भगवान राम अपने भव्य मंदिर में विराजमान होंगे।
उन्होंने कहा कि संतो ने समाज को हमेशा अपने विचारो से जाग्रत किया है। ऐसा ही दीदी मां ने अपने विचारों से राम मंदिर के प्रति लोगों में ज्वार पैदा किया। और आज हम सभी रामभक्तो का यह स्वप्न साकार होने जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि दीदी मां के जन्मोत्सव पर श्री राम मंदिर का निर्माण सबसे बड़ा उपहार है। उन्होंने आह्वान करते हुए कहा कि 22 जनवरी को पूरे देश के गली मोहल्लों को ही अयोध्या समझते हुए दीपावली मनाएं।
साथ ही 14 से 22 जनवरी तक हर गली मोहल्लों में स्वच्छता अभियान चलाएं। यह हमारे जीवन का सबसे गौरवशाली क्षण है। उन्होंने कहा कि यह सब दीदी मां जैसे सनातनधर्मियों की तपस्या और सदसंकल्प से हुआ है।