अयोध्या में डिप्टी सीएम लगा रहे झाड़ू
अयोध्या। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की पावन नगरी अयोध्या धाम इन दिनों एक उत्सव का केंद्र बन गई है। एक तरफ जहां 22 जनवरी 2024 को भगवान राम के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारियां अंतिम दौर में है।
वही 30 दिसंबर को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अयोध्या आगमन को लेकर योगी सरकार के कई मंत्री रोजाना अयोध्या का चक्कर काट रहे हैं। आलम यह है कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अयोध्या में कैंप कर दिया है और बीते दो दिनों से वह अयोध्या में रह रहे हैं।
रोज सुबह झाड़ू लेकर अपनी टीम के साथ वह अयोध्या की सड़कों और गलियों को साफ करने निकल पड़ते हैं। 30 दिसंबर तक केशव प्रसाद मौर्य अयोध्या में ही कैंप करेंगे और पूरी अयोध्या को साफ सुथरा बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को जागरूक करेंगे।
22 जनवरी तक अयोध्या में कचरे का एक टुकड़ा भी ना नजर आए ऐसा अभियान चला रहे हैं। बृहस्पतिवार की दोपहर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तीर्थ क्षेत्र पुरम परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 22 जनवरी को अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाए गए टेंट सिटी में दी गई सुविधाओं के बारे में ट्रस्ट के पदाधिकारी से बातचीत की।
इस दौरान मीडिया से बात करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रयाग में जब कुंभ हुआ था करोड़ों लोगों की भीड़ होने के बावजूद संगम नगरी पूरी तरह से साफ सुथरी थी। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सफाई कर्मियों के पांव पखारे थे।
अयोध्या में भी एक विश्व स्तरीय आयोजन हो रहा है. अयोध्या साफ सुथरी रहे इसके लिए हम संकल्पित हैं. प्रतिदिन अयोध्या की साफ सफाई के लिए हम अपने साथियों के साथ निकल रहे हैं. पूरी अयोध्या को स्वच्छ बनाकर सुंदर बनाना हमारा संकल्प है।
22 जनवरी को भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम है. यह आयोजन पूरे विश्व में एक संदेश देगा. 22 जनवरी तक अयोध्या में कूड़े कचरे का एक टुकड़ा भी ना नजर आए। इसके लिए हम कार्य कर रहे हैं इस कार्य में अयोध्या की जनता भी हमारे साथ है।