गांजा पीते हैं कालेज के प्रधानाचार्य शिक्षक और कर्मचारी, डीआईओएस ने की पुष्टि
बस्ती। गांजा जैसी नशीली वस्तु का सेवन करने वाले प्रधानाचार्य शिक्षक और कर्मचारी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के जिला विद्यालय निरीक्षक ने निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि प्रबंधक द्वारा जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश प्रसाद शुक्ला को इस आशय से प्रार्थना पत्र दिया गया था कि माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश से सम्बद्ध जनता इंटर कॉलेज बनकटी के प्रधानाचार्य शिक्षक व कर्मचारियों द्वारा गांजा का सेवन किया जा रहा है। जिससे न केवल पठन-पाठन का माहौल खराब हो रहा है बल्कि छात्र-छात्राओं में भी काफी आक्रोश है।
इस शिकायत को प्राप्त कर जिला विद्यालय निरीक्षक ने अपने स्तर से व स्वयं इसकी जांच की। जांच रिपोर्ट में शिकायतकर्ता की बात सही पाई गई। जिला विद्यालय निरीक्षक ने पत्रांक 9561-64, दिनांक 27-12-23 को प्रधानाचार्य को भेजे पत्र में निर्देश दिया है कि गत दिनों जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा स्वयं उपस्थित होकर गांजा सेवन किये जाने की जांच कराई गई थी।
जांच के उपरांत समस्त तथ्यों एवं साक्ष्य के आधार पर शिकायत सही पाई गई थी। जिसके क्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य शिक्षकों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने के पूर्व उनका स्पष्टीकरण तीन दिवस में प्राप्त करने हेतु निर्देशित किया गया था।
किंतु विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं अन्य चार अन्य कर्मचारियों का स्पष्टीकरण प्राप्त हुआ है तथा तीन कर्मचारी क्रमशः सुनील कुमार दुबे प्रधान लिपिक, राम शंकर सहायक लिपिक एवं वासुदेव दफ्तरी द्वारा अद्यतन शिकायत के संबंध में अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया गया है।
उक्त के अतिरिक्त यह भी अवगत कराया गया है कि जिन कर्मचारियों द्वारा अपना स्पष्टीकरण प्राप्त कराया गया है। उनके अनुसार शिकायत की पुष्टि होती है। विद्यालय में उपरोक्त कृत्य सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली के विपरीत है।
इसलिए विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के माह दिसंबर 2023 का वेतन अग्रिम आदेशों तक बाधित करते हुए निर्देशित किया जाता है कि उपरोक्त के संबंध में समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का स्पष्टीकरण दो कार्य दिवस के अंदर अधोहस्ताक्षरी कार्यालय में उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। वहीं इस मामले आरोपी शिक्षकों कर्मचारियों द्वारा अपनी सफाई में इस तरह के कृत्य से इनकार किया गया है।